पानी में दम घुटने से हुई उमाकांत की मौत
पुवायां। सिंचाई करने गए गांव नाहिल निवासी उमाकांत की मौत पानी में डूबने से हुई थी। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट हो जाने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
गौरतलब है कि गांव नाहिल निवासी 35 वर्षीय उमाकांत मिश्रा 27 जनवरी की शाम गांव के पास ही खेत पर सिंचाई करने गए थे। 28 जनवरी की सुबह देर तक घर नहीं आने पर परिवार के लोग खेत पर पहुंचे तो उमाकांत का मिट्टी में सना शव खेत में पड़ा देख परिवार में कोहराम मच गया था। सूचना पर पुलिस, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंच जांच की थी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
सोमवार देर रात उमाकांत का पोस्टमार्टम हो सका। मंगलवार को पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर कई लोगों से पूछताछ की और घटना स्थल का भी फिर से निरीक्षण किया। कोतवाली प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में दम घुटने से मौत होना दर्शाया गया है। इसी बिंदु पर आगे की जांच करते हुए मामले का खुलासा किया जाएगा।