जान से मारने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किए जाने से परेशान युवती के आत्महत्या का प्रयास किए जाने के मामले में पति ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुवायां क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि वह बेहद गरीब है और मजदूरी कर परिवार की गुजर करता है। उसके मजदूरी के लिए गैर प्रांत चले जाने पर गांव का ही अनुराग उसके घर घुस आता था और तमंचा तान कर पत्नी को जान से मार देने की धमकी देकर दुष्कर्म करता था। आरोपी कई बार उसकी पत्नी से दुष्कर्म कर चुका है जिस कारण परेशान होकर पत्नी दो तीन बार आत्महत्या का प्रयास भी कर चुकी है, लेकिन लोक लाज के कारण पत्नी ने कोई जानकारी नहीं दी।
अनुराग की हरकतें बढ़ जाने पर बेहद परेशान पत्नी ने उसे मामले की जानकारी दी। वह वापस घर आया और पत्नी के साथ कोतवाली आकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अनुराग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।