शिक्षिका की पिटाई से छात्रा की आंख में लगी चोट
शाहजहांपुर। प्राथमिक विद्यालय मौजमपुर में एक शिक्षिका ने कक्षा पांच की छात्रा को डंडे से पीट दिया। जानकारी मिलते ही छात्रा के परिजन विद्यालय पहुंच गए। यहां जमकर हंगामा किया।
गांव निवासी लालाराम की 10 वर्षीय बेटी संध्या गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा है। आरोप है कि विद्यालय में अध्यापिका ने बृहस्पतिवार दोपहर उसे डंडा मार दिया। इससे छात्रा के आंख में चोट लग गई। पिटाई से छात्रा बेहोश हो गई। सूचना पर छात्रा के पिता लालाराम विद्यालय आ गए। उनकी अध्यापिका से नोकझोंक होने लगी। जानकारी मिलने पर अजीजगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी ले गई। पीड़ित पक्ष ने अध्यापिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चौकी प्रभारी प्रदीप सहरावत की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। वहीं इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी ने बताया कि शिक्षिका ने इलाज कराने का आश्वासन दिया है। इसलिए छात्रा के परिजनों ने तहरीर नहीं दी। इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है।