तिलहर (शाहजहांपुर)। नगर के अंाबेडकर मौजमपुर गौहटिया में कच्चे बने हुए छप्परनुमा घर में आग लगने से संदूक में रखे 30 हजार रुपये सहित घरेलू सामान राख हो गया। सूचना पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक ने जांच पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी है।
मौजमपुर गौहटिया निवासी नंदलाल शुक्रवार दोपहर को अपने परिवार के साथ पड़ोस के मोहल्ले में गया हुआ था। इसी दौरान उसके घर में पड़ी झोपड़ी में अचानक आग की लपटे उठने लगी। घर में आग लगने की खबर सुनकर नंदलाल और उसके परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और मोहल्ले वालों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसका सारा सामान जलकर खाक हो गया। घटना से नंदलाल और उसकी पत्नी और बच्चों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। आगजनी के पीड़ित नंदलाल ने बताया कि उसकी झोपड़ी में सामान के अलावा 50 किलो गेहूं, चावल, घरेलू सामान और संदूक में रखें 30 हजार रुपये जलकर नष्ट हो गए। आगजनी की सूचना पाकर राजस्व कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और नंदलाल से नुकसान के बारे में जानकारी लेते हुए अपनी आख्या रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी है। आग लगने का कारण ज्ञात नहीं हो सका है।