पुलिस पहुंची तो जीवित मिली महिला
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। कस्बे के जिगनहवां वार्ड में बीते मंगलवार को जमीन संबंधी विवाद में हुई मारपीट के मामले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस बीच शुक्रवार को मारपीट में घायल महिला की मौत की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस काफी देर तक परेशान रही। पुलिस जब घर पहुंची तो वहां परिजन रोते - बिलखते दिखे। पुलिस जब महिला के पास पहुंची तो वह जीवित मिली। पुलिस ने रोते बिलखते परिजनों को महिला के जीवित होने की जानकारी देने के साथ ही उसे एंबुलेंस बुलवाकर अस्पताल भेजवाया।
इंस्पेक्टर गजेंद्र राय ने बताया कि कस्बे के जिगनहवां वार्ड में बीते मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे जमीन संबंधी विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। जिसमें एक महिला फेंकना देवी (55) गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घायल को इलाज के लिए सीएचसी निचलौल ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। यहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला को घर भेज दिया था। शुक्रवार को दिन में करीब बारह बजे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि फेंकना की मौत हो गई है। इस पर पुलिस महिला के घर पहुंची। वहां परिजन रो रहे थे। पुलिस जब बिस्तर पर पड़ी महिला के पास गई तो देखा कि वह जीवित है। पुलिस ने रोते बिलखते परिजनों को किसी तरह से शांत कराया और एंबुलेंस बुलवाकर महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया।