फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारी अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं, अफसरों से की धक्कामुक्की

विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। नोटिस दिए जाने के बाद भी महानगर के तमाम व्यापारी अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं हैं। बुधवार को नगर आयुक्त विद्या शंकर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार, सीओ सिटी महेंद्रपाल सिंह के साथ अफसरों की टीम अतिक्रमण हटवाने पहुंची तो व्यापारियों ने दबंगई शुरू कर दी। अफसरों से न सिर्फ नोकझोंक की, बल्कि धक्का-मुक्की तक की। मौके से महेंद्र चावला नाम के एक व्यापारी को पुलिस को दबोच लिया। उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। इस दौरान करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
विज्ञापन

नगर निगम ने महानगर में अभियान चलाकर अतिक्रमण चिंह्ति किया था। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों का पूरा डाटा मोबाइल ऐप पर लोड करने के बाद इनको नोटिस दिए गए। अस्थायी तीन और स्थायी अतिक्रमण सात दिन में हटाना था। बुधवार को अधिकारियों की टीम अतिक्रमण हटवाने सदर बाजार पहुंची। महेंद्र चावला की दुकान के बाहर भी अतिक्रमण था। नोटिस दिए जाने के बाद भी इन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया था। इस पर नगर आयुक्त ने दुकान के बाहर रखा सामान जब्त करने के निर्देश दिए। नगर निगम की टीम जैसे ही सामान हटाने लगी, महेंद्र चावल उलझ गए। इंस्पेक्टर सदर बाजार किरनपाल से भी बदसलूकी कर दी। इतना ही नहीं नगर आयुक्त और सिटी मजिस्ट्रेट से भी नोकझोंक के साथ धक्का मुक्की की। मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने महेंद्र चावल को गिरफ्तार कर लिया और सदर बाजार कोतवाली लाकर हवालात में बंद कर दिया।
व्यापारियों को इस बारे में पता लगा तो कुलदीप दुआ, नीरज गुप्ता, सुनील गुप्ता, राजू कमरा आदि समेत कई व्यापारी महेंद्र चावला को छुड़ाने कोतवाली पहुंच गए। यहां करीब दो घंटे हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए महेंद्र चावला के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने महेंद्र चावला के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है।
विज्ञापन

व्यापारियों के विरोध के बावजूद बुधवार को नगर निगम ने सदर बाजार से बहादुरगंज तक अतिक्रमण हटवाया। कई स्थानों पर नालों के ऊपर बने चबूतरों को तोड़ दिया गया। कुछ जगहों पर दुकानदारों से विरोध भी किया। इस दौरान अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहा।

बंदी के दिन खुली थीं ज्यादातर दुकानें
सदर बाजार इलाके में बुधवार बंदी का दिन होता है। इसके बावजूद ज्यादातर दुकानें खुली हुई थीं। व्यापारी न तो अतिक्रमण हटा रहे हैं और न ही बंदी दिवस का पालन कर रहे हैं। यह पहला मौका नहीं है जब अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान व्यापारियों की दबंगई का मामला सामने आया है। इससे पहले भी कई बार व्यापारी पुलिस-प्रशासन की टीम से उलझते रहे हैं।

व्यापारी को बिना कार्रवाई छुड़ाने को बना रहे थे दबाव
अफसरों से उलझने और धक्का मुक्की करने वाले महेंद्र चावला को व्यापारी बिना कार्रवाई के छुड़ाना चाह रहे थे। कोतवाली पहुंच कर अफसरों पर दबाव भी बनाया। नगर आयुक्त विद्या शंकर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार सिंह ने इनकी एक न सुनी। अफसर पहले तो महेंद्र चावला को जेल भेजने की बात कह रहे थे। बाद में उनका 151 में चालान किया गया। शाम को सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में उसे जमानत मिल गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें