भावलखेड़ा(शाहजहांपुर)। बाइक सवार यूपी-100 के सिपाही और होमगार्ड की मंगलवार शाम आरसी मिशन थाना क्षेत्र में कसाइयों वाली पुलिया के पास पिटाई कर दी गई। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। मारपीट करने के बाद आरोपी भाग गए। पुलिस अब इनकी तलाश कर रही है।
आरसी मिशन थाना क्षेत्र के पुत्तूलाल चौराहा पर यूपी-100 बाइक पर सिपाही ईश्वर चंद्र, होमगार्ड रवि यादव की तैनाती थी। दोनों यहां ड्यूटी कर रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे सीतापुर की ओर से तेज रफ्तार पिकअप गुजरी। शक होने पर उसका पीछा किया। पिकअप चालक ने कसाइयों वाली पुलिया के पास वाहन को रोक लिया। कई और लोग भी आ गए। इन लोगों ने सिपाही और होमगार्ड को घेर कर पीट दिया। दोनों किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। इस बारे में सूचना थाने पहुंची तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मारपीट करने वालों की तलाश की। वे यहां से भाग चुके थे। देर शाम तक सिपाही और होमगार्ड की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर नहीं दी गई थी। मौके पर पहुंच कर एसएसआई इंद्रजीत भदौरिया ने पड़ताल की। इस संबंध में एसओ आरसी मिशन जय शंकर सिंह ने बताया कि वह दबिश पर हैं। सिपाही और होमगार्ड के साथ अभद्रता की शिकायत मिली है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश की जा रही है।