शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला महमंद हद्दफ से गिरफ्तार क्रिकेट सटोरियों की संपत्ति की जांच कराई जाएगी। इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी। सदर बाजार पुलिस ने रविवार को छापामारी कर मोहल्ले के हसीब के घर में सट्टा रैकेट पकड़ा था। मौके से चार सटोरियों की गिरफ्तारी के साथ 22 मोबाइल, तीन लैप्टॉप, 72 हजार रुपये से ज्यादा कैश, बाईफाई डिवाइस भी बरामद की थी। सोमवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से भेज दिया गया।
इन दिनों क्रिकेट विश्वकप चल रहा है। रविवार को भारत-आस्ट्रेलिया के बीच मैच था। इस पर मोटा सट्टा लगाया गया था। एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर सट्टा रैकेट का खुलासा किया। बताया कि गिरफ्तार सुमित तुली पुत्र जगदीश चंद्र, विवेक दीक्षित पुत्र ओम प्रकाश निवासी बहादुरगंज, हसीब पत्र समीउद्दीन, मोहम्मद इमरान पुत्र नन्हे निवासी महमंद हद्दफ की संपत्ति की जांच भी कराई जाएगी। इसके साथ ही सटोरियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी। बताया कि सट्टा रैकेट में शामिल कुछ और लोगों के नाम भी सामने आए हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए अगल-अलग दो टीमों को लगाया गया है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।