खुटार (शाहजहांपुर)। थाना पुलिस ने एसपी के निर्देश पर अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो सौ लीटर अवैध शराब के साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर चालान किया है।
खुटार के थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देश पर अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ टीम गठित कर छापेमारी कराई गई। एसआई दिलीप कुमार यादव, एसआई संजीव सिंह के साथ सिपाही उदयभान उपाध्याय, गगन कुमार, मोहित कुमार, जितेंद्र कुमार, मोनी कुमार ने गांव कुंभिया माफी क्षेत्र में कठिना नदी के किनारे छापेमारी की। यहां कच्ची शराब की दो भट्ठी चलती मिलीं। पुलिस ने घेराबंदी कर मैलानी थाना क्षेत्र के गांव भम्मापुर निवासी अर्जुन, गांव छेदीपुर निवासी अनिल कुमार, रिषि कुमार और गांव ढाकनपुर के अनिल को दबोच लिया।
मौके से दो ड्रम, शराब से भरे चार ट्यूब, दो पतीले, प्लास्टिक के पाइप आदि बरामद हुए। मौके से मिली दो सौ लीटर शराब को सील कर दिया गया और लगभग दस हजार लीटर लहन को नष्ट कर दिया गया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया।