खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार पूरनपुर मार्ग पर गांव सिहुरा के पास गुरुवार सुबह निजी बस के पुलिया से टकरा जाने के मामले में मृतक बाबू की पत्नी मीना देवी ने बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि दिल्ली से सवारियां लेकर बहराइच जा रही निजी बस छह जून की सुबह गांव सिहुरा के पास चालक के सो जाने के कारण पुलिस से जा टकराई थी। हादसे में बस सवार बाबू और कुलदीप कुमार की मौत हो गई थी और 25 यात्री घायल हो गए थे। गंभीर घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। बस के चालक, परिचालक मौके से भाग निकले थे।
मृतक बाबू की पत्नी बहराइच के थाना रूपैडिहा के चकिया रोड निवासी मीना देवी ने पुलिस को बताया कि छह जून को वह पति के साथ दिल्ली से निजी बस से घर जा रही थी। सुबह साढ़े चार बजे बस के चालक ने तेजी और लापरवाही से बस चलाते हुए पुलिया में टक्कर मार दी, जिससे उसके पति बाबू बहराइच के थाना मोतीपुर के गांव सुखापुरवा निवासी कुलदीप कुमार की मौत हो गई। हादसे में उसे और पुत्री उमेरा और अन्य सवारियों के गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मीना की तहरीर पर बस के अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।