जलालाबाद/ शाहजहांपुर। जिला पंचायत सदस्य और सपा नेता मोहल्ला प्रतापनगर निवासी बिजेंद्र यादव के 40 वर्षीय बेटे विपिन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बुधवार रात में ही पुलिस ने विपिन का पोस्टमार्टम कराया। तीन डॉक्टरों के पैनल से हुए पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। विसरा प्रिजर्व किया गया है। विपिन यादव का शव बुधवार को क्षेत्र के गांव एलमनगर कटरिया और कुशवाह की मढ़ैया के बीच भिंड़ी के खेत में मिली थी।
बिजेंद्र यादव का कहना है कि विपिन बुधवार सुबह करीब नौ बजे घर से मंडी समिति जाने की बात कहकर निकला था। इसके कुछ देर बाद किसी ने उसको मोबाइल पर कॉल की और मंझरा गांव बुलाया। यहां विपिन को दो लोग मिले। यह उसे पड़ोस के गांव कुशवाह की मढ़ैया लेकर पहुंचे। आरोप है कि कुशवाह की मढै़या गांव में मोहल्ला आजाद नगर निवासी अनुराग मिश्रा उर्फ राजू, उसका साथी प्रतापनगर निवासी अजीत मिश्रा और एक अज्ञात पहले से मौजूद थे। इन तीनों ने पूर्व नियोजित योजना के तहत विपिन को जहर मिली शराब पिला दी। इससे विपिन की मौत हो गई। हालांकि, तहरीर में किसी तरह की रंजिश का जिक्र नहीं किया गया है। ब्रिजेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। विसरा प्रिजर्व किया गया है। मामला संवेदनशील है। हर पहलू पर पड़ताल की जा रही है। मृतक के परिवार की ओर से किसी रंजिश का जिक्र नहीं किया गया है।
- ब्रह्मपाल सिंह, सीओ जलालाबाद