आधी रात तक चीनी मिल में होता रहा हंगामा
पुवायां(शाहजहांपुर)। पुवायां की किसान सहकारी चीनी मिल में ट्रॉली से दबकर किसान की मौत के मामले में आधी रात तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गौरतलब है कि शनिवार को गांव बगड़ेर निवासी 38 वर्षीय महेंद्र कुमार अपना गन्ना लेकर पुवायां की किसान सहकारी चीनी मिल आया था। ट्रॉली को लाइन में लगाकर वह ट्रॉली के नीचे सो गया। इस बीच गांव जारमानो निवासी एक सिख युवक ने उसका ट्रैक्टर चला दिया, जिस कारण ट्रॉली के नीचे दबकर महेंद्र की मौत हो गई। महेंद्र की मौत पर किसानों ने हंगामा करते हुए मिल को बंद करा दिया था।
हंगामे को देखते हुए पुवायां के अलावा बंडा, खुटार, सिंधौली से भी पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों के साथ ही मौके पर पहुंचे मृतक के परिवार के लोगों को समझाया। मृतक के परिवार वाले मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी की मांग पर अड़े हुए थे, जिस कारण रात में 12 बजे तक मिल बंद रही। 12 बजे के करीब पुलिस परिवार के लोगों को समझा पाई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। मृतक की पत्नी संजू देवी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।