शाहजहांपुर/कांट। कांट क्षेत्र के गांव बरुआ खुर्द में मंगलवार रात गोली से घायल प्रतिपाल कठेरिया ने लखनऊ जाते समय देर रात रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतका की मां हेमवती की ओर से पिता-पुत्र सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मां हेमवती ने बताया कि उसके बेटे ने गांव के मौजूदा प्रधान की चुनाव में मदद की थी, जबकि गांव के पप्पू उर्फ रामवीर ने अपनी बहन रामवती के लिए मदद मांगी थी। चुनाव में रामवती पराजित हो गईं। इसी प्रधानी चुनाव को लेकर पप्पू मन ही मन रंजिश मान रहा था। बुधवार रात आठ बजे प्रतिपाल अपने घर के दरवाजे के पास खड़ा था। तभी उधर से पप्पू अपने बेटे देवेंद्र और साले अवनीश के साथ आ गया और गालियां देते हुए लाइसेंसी राइफल से फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली प्रतिपाल के पेट में गुर्दे के पास साइड से लगकर आर-पार निकल गई। परिजन उसे लेकर रात में ही जिला अस्पताल पहुंचे। जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। देर रात उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।