पुवायां (शाहजहांपुर)।
ठगों ने एक महिला के फसली कर्ज खाते से 50 हजार रुपये की रकम गायब कर दी। खाते से कई बार में खरीददारी और दूसरे खाते में रकम ट्रांसफर की गई है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई है।
गांव भिलावां निवासी रामवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके पति रूपराम की मौत हो चुकी है। उसने अपनी जमीन पर एसबीआई बड़ागांव में कृषि ऋण खाता खुलवा रखा है। उसे एक एटीएम कार्ड भी मिला था, जिसका उसने कभी भी उपयोग नहीं किया। फरवरी में किसी ने फोन पर अपने को बैंक अधिकारी बताते हुए उसके एटीएम कार्ड की जानकारी ले ली। इसके बाद 13 फरवरी से मार्च तक उसके खाते से 50 हजार रुपये गायब कर दिए गए।
कुछ दिन पूर्व उसने बैंक जाकर पासबुक पर एंट्री कराई तो पता चला कि उसके खाते में कोई राशि शेष नहीं है। बैंक प्रबंधक ने बताया कि उसके खाते से दूसरे खाते में रुपये ट्रांसफर किए गए हैं औैर खरीददारी आदि की गई है। बैंक मैनेजर ने उसे पुलिस के पास जाने की सलाह दी। रामवती ने ठगों का पता लगवाए जाने और रिपोर्ट दर्ज कारए जाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।