भावलखेड़ा। अवैध शराब का धंधा करने के मामले में नामजद आरोपी की बीसलपुर के एक गांव स्थित उसकी रिश्तेदारी में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पत्नी का आरोप है कि वह पुलिस की प्रताडना से परेशान था। बिना पोस्टमार्टम के ही परिवार वाले शनिवार को शव यहां ले आए।
आरसी मिशन थाने के गांव चौड़ेरा निवासी 52 वर्षीय रामदास अवैध शराब बनाने और बेचने के मामले में आरोपी था। पुलिस को उसकी तलाश थी। वह अपनी पत्नी विद्यावती के साथ बीसलपुर के थाना पिपरिया के गांव शिवपुरी गया था। शुक्रवार रात उसकी यहां संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार को पत्नी विद्यावती शव लेकर चौड़ेरा पहुंची। आरोप है कि पुलिस उसके पति को प्रताड़ित कर रही थी। तंग आकर उन्होंने विषाक्त का सेवन कर लिया। इस संबंध में बात करने पर एसओ जयशंकर सिंह ने जरूरी मीटिंग में होने की बात कही। वहीं एसएसआई इंद्रजीत भदौरिया ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। जानकारी जुटाई जा रही है।