फंदे पर लटका मिला हरदोई के वृद्ध शव
बेटी के घर जाने को पत्नी से झगड़ा करके निकला था
जेब में मिले आधार कार्ड के जरिये हुई शिनाख्त
अमर उजाला ब्यूरो
मुड़िया पमार(शाहजहांपुर)। पत्नी से झगड़ा करके बेटी के घर जाने की बात कहकर निकले वृद्ध का शव थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव रजऊ के पास झाड़ियों के बीच आम के पेड़ पर गमछे से फंदे पर लटका मिला। शव चार-पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त आधार कार्ड से हुई।
हरदोई के थाना पिहानी क्षेत्र के गांव अमृता निवासी 68 वर्षीय लालाराम का पांच दिन पहले अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। वह घर से यह कहकर निकल आए कि सिंधौली क्षेत्र के गांव नगरा में ब्याही बेटी मंजू के घर जा रहे हैं। इसके बाद उनका पता नहीं चला कि वह कहां गए, कहां नहीं। लालाराम ने बेटी की ससुराल नगरा गांव से एक किलोमीटर पहले रजऊ गांव के सामने बाग में झाड़ियों के बीच आम के पेड़ पर गमछे के सहारे फंदा बना लटक कर जान दे दी। शनिवार दोपहर रजऊ गांव का एक युवक बाग में जिमीकंद खोदने पहुंचा तो वहां उसे फंदे पर लटका शव दिखाई दिया, तब फिर गांव के लोगों की भीड़ लग गई। शव के पास उठ रही दुर्गंध के कारण लोग दूर खड़े रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। तलाशी लेने पर उसके पास आधार कार्ड मिला, इसके बाद पिहानी पुलिस से संपर्क कर घर वालों को सूचना दी। तब फिर शाम को मंजू के पति वीरेंद्र ने थाने पहुंचकर फोटो देखकर पहचान की। हरदोई से उसके भाई बाबूराम भी शाहजहांपुर आने को चल दिए हैं। सिंधौली इंस्पेक्टर विरजा राम ने बताया कि अब तक पड़ताल में पता लगा कि लालाराम पत्नी से झगड़ा होने के बाद घर से निकल आए और उनका शव यहां मिला।