फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लूट के बाद वृद्धा की गला दबाकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
बंडा (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र के मोहल्ला मुरादपुर में मेहमानी में आए दो युवक जेवर आदि लूटने के बाद वृद्धा की उसके ही दुपट्टे से गला कस कर हत्या कर दी और घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए। वृद्धा के कानों ने सोने के बुंदे नोचे जाने से उनका एक कान भी फट गया। घर में रखे एक संदूक से भी कीमती सामान आदि भी लूटकर फरार हो गए। मृतका के दामाद इलियास ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्धा की मौत गला दबने से होना पाई गई। उनके सिर में दोनों ओर चोट के निशान और कान कटे होने की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन

बंडा के मोहल्ला मुरादपुर निवासी शफ्फी मोहम्मद की पांच वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। शुक्रवार रात दो युवक उनके घर पर मेहमान बनकर पहुंचे और शफ्फी की पत्नी मैराजन की उसके ही दुपट्टे से गलाकर कस कर हत्या कर दी। दोनों युवक उसके जेवर आदि लूट कर फरार हो गए। मामले की जानकारी पुलिस को मिली तो सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के दामाद गांव कुंवरपुर रत्ती निवासी इलियास ने बताया कि ससुर शफ्फी के बड़े पुत्र आशिक की मौत हो चुकी है। शफ्फी के पांच पुत्र वसीम, अतीक, वतीक, छंगे और अनीस गोरखपुर जनपद के किसी ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। घर पर शफ्फी की 60 वर्षीय पत्नी मैराजन अकेली रहती थीं। मैराजन की तीन पुत्रियों में अफसाना और शहाना की गांव कुंवरपुर रत्ती और रुखसाना की पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव मार पगार में शादी हुई है। अकेले होने के कारण शहाना का 10 वर्षीय पुत्र कासिम रात में बंडा आकर नानी मैराजन के पास रुकता था। कासिम के अनुसार शुक्रवार रात आठ बजे दो युवक नानी के घर आए थे। दोनों ने खुद को बीसलपुर का रहने वाला और रिश्तेदार बताया था। उसकी नानी मैराजन ने दोनों के लिए तहरी आदि बनाई। इस दौरान वह नानी की चारपाई पर जाकर सो गया। रात तीन बजे उसकी आंख खुली तो नानी मैराजन चारपाई पर नहीं थीं। तलाश करने पर वह चारपाई के नीचे मृत पड़ी मिलीं। उनके गले में दुपट्टा कसा था। इससे वह घबरा गया और घर से बाहर की ओर भागा। घर के दरवाजे बाहर से बंद थे। इसके बाद वह दीवार फांदकर गांव कुंवरपुर पहुंचा और पिता और मां को घटना की जानकारी दी। कासिम के साथ उसकी मां शहाना, पिता महबूब मौके पर पहुंचे। ताला तोड़कर अंदर पहुंचे तो मैराजन का शव देखकर शोर मचाया। इस पर तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। परिवार के लोगों ने शव कमरे से उठाकर बाहर रख दिया। मृतका की सलवार का नाड़ा टूटा था। कान फटा ता। इससे अनुमान है कि वारदात करने वालों ने जब बुंदे नोचे तो मैराजन के कान फट गया।
जानकारी पाकर मृतका की अन्य पुत्रियां और दामाद और एसओ राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और कासिम के साथ ही मृतका की अन्य पुत्रियों, दामाद आदि से पूछताछ की। एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य, डॉग स्क्वाड प्रभारी नीत प्रकाश, फोरेसिंक टीम के सोनू चौधरी और सर्विलांस टीम से मोहित शर्मा मौके पर पहुंचे और जांच की। मृतका के पुत्रों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। मृतका के दामाद इलियास की ओर से दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन

मृतका मैराजन की हत्या के मामले में अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
सुभाषचंद्र शाक्य एएसपी (ग्रामीण) शाहजहांपुर

किसने किया था मैराजन को फोन
बंडा। वृद्धा की हत्या लूट के लिए की गई या फिर हत्या के पीछे कोई अन्य कारण रहा। यह पता लगाने के लिए एसओ राहुल सिंह, दरोगा आरिफ खां और नासिर खां के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है। मृतका के दामाद और पुत्री इस मामले में कोई ठोस जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
मृतका के नाती कासिम ने सुबह पुलिस को बताया था कि उसकी नानी के पास शुक्रवार शाम मामा वतीक का फोन आया था। उन्होंने कहा था कि बीसलपुर से मेहमान घर आने वाले हैं। उनके भोजन आदि की व्यवस्था कर देना। यह बात उसको नानी ने बताई थी। रात में दो लोग नानी के घर पहुंचे भी, लेकिन दोनों ने ढाटा बांध रखा था, जिस कारण वह उन्हें पहचान नहीं सका। नानी ने दोनों के लिए तहरी बनाई। इस बीच वह सो गया। इस कारण उसे और ज्यादा जानकारी नहीं हो सकी।
उधर, शनिवार सुबह मैराजन की हत्या की जानकारी पुत्र वतीक को दी गई तो उसने मां को कोई फोन करने से इंकार कर दिया। अब सवाल है कि आखिर मृतका को मेहमान आने का फोन किसने किया था। मैेराजन का मोबाइल पुलिस को मिल गया है, जिससे तमाम राज खुलने की संभावना जताई जा रही है। सर्विलांस टीम मोबाइल की कॉल डिटेल आदि को खंगाल रही है।
मृतका के दामाद इलियास ने बताया कि वतीक की ससुराल बीसलपुर में है। उसकी सास और वतीक की पत्नी के बीच संबंध बहुत अच्छे नहीं थे। सास का वतीक की पत्नी आदि से एक दो बार विवाद भी हो चुका था। मैराजन का परिवार मूलरूप से निगोही थाना क्षेत्र के गांव रगवापुर का रहने वाला है। रगबापुर में मैराजन के नाम एक एकड़ जमीन थी, जिससे उसका खर्चा चलता था।
पुत्र अतीक के घर तक पहुंची खोजी कुत्ता
बंडा। डॉग स्क्वाड प्रभारी नीत प्रकाश खोजी कुत्ते टफी के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। टफी मैराजन के घर से पड़ोस में बंद पड़े उसके पुत्र अतीक के घर तक गया और वहां जाकर बैठ गया। इस कारण खोजी कुत्ते से कोई ज्यादा लाभ नहीं मिल सका। इसका एक कारण यह भी रहा कि पुलिस और खोजी कुत्ते के पहुंचने से पूर्व ही मौके पर सैकड़ों लोगों का आना जाना हो चुका था और रिश्तेदारों ने मैराजन के शव को भी कमरे से बाहर निकाल कर रख दिया था।
मां के पास था पुराना जेवर
बंडा। मृतका मैराजन की पुत्री शहाना ने बताया कि मां को मारने वाले घर से तमाम जेवर आदि भी ले गए हैं। मां के पास पुराना जेवर था, जिस की कीमत आज के समय में बहुत ज्यादा है। हालांकि पुलिस को दी गई तहरीर में लूट और जेवर आदि गायब होने का जिक्र नहीं किया गया है। कुछ लोगों का आरोप था कि तहरीर पुलिस ने अपनी मर्जी से लिखवाई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें