खुदागंज(शाहजहांपुर)। ढाटा बांधे दो बदमाश बुधवार शाम कस्बे के मोहल्ला हनुमान में व्यापारी के घर में घुस गए। व्यापारी की पत्नी घर में अकेली थी। घर में घुसते ही बदमाशों ने उसे कब्जे में लिया। इसके बाद 15 हजार रुपये नकदी समेत जेवर आदि लूट लिए। लूटपाट करने के बाद बदमाश भाग गए। सरेशाम थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर वारदात से दहशत है। पुलिस मामले में पड़ताल कर रही है।
कस्बे के मोहल्ला हनुमान निवासी व्यापारी प्रेम चंद्र गुप्ता बुधवार शाम अपनी दुकान पर थे। घर पर उनकी पत्नी कुसुमा अकेली थीं। वह खाना बनाने जा रही थीं। घर का दरवाजा खुला हुआ था। इसी दौरान अचानक ढाटा बांधे दो बदमाश उनके घर में घुस आए। कुसुमा कुछ समझ पातीं इससे पहले ही बदमाशों ने गला दबाकर उनको कब्जे में ले लिया। कुसुमा के कानों से सोने के कुंडल नोच लिए। सेफ में रखे 15 हजार रुपये समेत सोने का हार, झुमकी, अंगूठी और चांदी की पाजेब भी लूट लीं। लूटपाट के बाद बदमाशों ने धक्का देकर कुसुमा को जमीन पर गिरा दिया और भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद कुसुमा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर व्यापारी प्रेमचंद्र गुप्ता भी घर पर आ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। एसओ हरिपाल सिंह बलियान का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। वह अभी क्षेत्र में गश्त पर हैं। पड़ताल कराई जा रही है।