सवारी के रूप में बिठाकर सिंधौली में तमंचा दिखाकर लूटा
0 सिंधौली थाना क्षेत्र में सक्रिय है गिरोह, हो चुकी हैं दो घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां। सिंधौली थाना क्षेत्र में वाहन में सवारी के रूप में बिठाकर लोगों से लूट करने वाला गिरोह सक्रिय है। 15 दिन में लूट की दो घटनाएं हो चुकी हैं।
पुवायां के गांव सतवां बुजुर्ग निवासी सचिन मिश्रा ने सिंधौली कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 17 नवंबर की रात वह अपने पड़ोसी सिद्धांत के साथ देहरादून से शाहजहांपुर आए थे। रात एक बजे वह बस स्टैंड के पास घर आने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान एक क्वालिस गाड़ी आकर रुकी और उसे पुवायां तक छोड़ देने की बात कहते हुए बिठा लिया। लगभग सवा एक बजे सिंधौली कोतवाली के पास वाहन में बैठे पांच लोगों ने उस पर तमंचा तानकर तीन हजार रुपये, दो मोबाइल, घड़ी, चश्मा आदि लूट लिया और उसे वाहन से उतार कर भगा दिया। सचिन के अनुसार पुलिस ने जांच कराए जाने की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
चार नवंबर की रात पुवायां के गांव भटपुरा चंदू निवासी दिनेश कुमार को भी क्वालिस चालक ने रात में सवारी के रूप में शाहजहांपुर बस स्टैंड से बिठाने के बाद सिंधौली क्षेत्र में बांध कर डाल दिया था और उसके पास से 20 हजार रुपये, कपड़े, मोबाइल लूट लिया था। सिंधौली पुलिस ने इस मामले की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की थी।