फोटो-23,पोस्टमार्टम हाउस पर खड़े मृतक रामलड़ैते के परिजन
हादसों में दो लोगों की मौत, लखीमपुर का युवक घायल
कांट रोड पर कंबाइन की चपेट में आए बाइक सवार साढ़ू
जलालाबाद में मेला देखने जा रहे साइकिल सवार को ट्रैक्टर ने रौंदा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/जलालाबाद।
अलग-अलग स्थानों पर शुक्रवार रात हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल और एक मृतक का आपस में साढ़ू का रिश्ता है।
थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव बेहटा पाठक निवासी 45 वर्षीय रामलड़ैते अपने साढ़ू लखीमपुर के गांव झाऊपुर निवासी 40 वर्षीय जगदीश के साथ शुक्रवार देर रात अरुआखानपुर स्थित रिश्तेदार सुरेश के घर से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। कांट-जलालाबाद रोड पर बाइक जमुनिया और पुरेना गांव के बीच पहुंची, तभी सामने से कंबाइन ने बाइक को चपेट में ले लिया। इससे बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। कुछ ही देर में रामलड़ैते ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल जगदीश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, जलालाबाद में शुक्रवार देर शाम ट्रैक्टर की चपेट में आकर साइकिल सवार रामनिवास की मौत हो गई। गांव हरवा पूर्वी निवासी सुखलाल का 32 वर्षीय पुत्र रामनिवास, पत्नी रामदेवी जलालाबाद दशहरा मेला जाने के लिए शाम को साइकिल से घर से निकले थे। रामनिवास ने पत्नी को गांव से आए ट्रैक्टर पर बैठा दिया और खुद साइकिल से चल दिया। शाम पांच बजे वह बुधआना रोड पर गांव अखाखेड़ा के पास पहुंचा, तभी उसकी साइकिल सामने से आ रही बाइक से लग जाने के कारण असंतुलित हो गई, इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर भी साइकिल में लग गई और रामनिवास उछलकर रोड पर जा गिरा और ट्रैक्टर उसे रौंदता हुआ निकल गया। उसे जिला अस्पताल भिजवाया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से कुछ पहले उसकी मौत हो गई। मृतक के कोई संतान नहीं है उसकी मौत से पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसएसआई मनोज सेहरावत ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
---------
हेलमेट की वजह से बच गई जान
कांट में जमुनिया और पुरेना गांव के बीच हुए हादसे में बाइक चालक जगदीश हेलमेट लगाए हुए थे, जबकि उनके साढ़ू रामलड़ैते पीछे बैठे थे। कंबाइन की चपेट में बाइक आ जाने पर जगदीश के हेलमेट लगाए होने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट नहीं आई। इससे वह बच गए लेकिन रामलड़ैते हेलमेट नहीं लगाए था इस कारण उसके सिर में गहरी चोट आने से मौत हो गई। हालांकि हादसे में जगदीश को काफी चोट आई है।