शादी से रोकने के लिए कर दिया जानलेवा हमला, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां। शादी से रोकने के लिए पहले मंगेतर के अश्लील फोटो, वीडियो भेजे गए, इसके बाद भी युवक ने शादी से मना नहीं किया तो पांच लोगों ने घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव सबलापुर निवासी एक युवक का आरोप है कि उसकी शादी खीरी के निघासन थाना क्षेत्र में आठ जून 18 को तय हुई थी। शादी तय होने के बाद 13 जून को उसके मोबाइल पर कॉल आई और कॉल करने वाले ने धमकी दी कि 'निघासन में शादी करने का सपना छोड़ दे, शादी की तो जान से मार दिया जाएगा'। बाद में कॉल करने वाला उसकी मंगेतर के कंप्यूटर से बने हुए गलत फोटो अपलोड करने लगा। उसके फोन पर कई अश्लील वीडियो भी भेजे गए। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
मंगनी नहीं तोड़ने पर 16 जून को पांच लोग उसके घर में घुस आए, सभी के चेहरे ढके हुए थे। उन लोगों ने गाली गलौज करते हुए कहा कि 'शादी से मना किया था, लेकिन नहीं माना अब मार देंगे' कहते हुए तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। उसने मौके से भागकर जान बचाई। शोर सुनकर लोग आए तो आरोपी जान से मार देने की धमकी देते हुए चले गए। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी, अधिकारियों को पत्र देने के बाद भी कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट ने एक सप्ताह पूर्व रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया था। बृहस्पतिवार को मोबाइल नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।