पीयूष हत्याकांड: चचेरे भाई ने मारी थी गोली
मृतक की पत्नी और उसकी संपत्ति की चाहत ने दिया घटना को अंजाम
सर्विलांस के जरिये हत्यारे तक पहुंची टीम, तमंचा भी किया बरामद
फोटो-41,पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी अर्पित
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। शहर के मोहल्ला अजीजगंज के पीयूष सक्सेना हत्याकांड का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। पीयूष की हत्या उसके चचेरे भाई अर्पित ने मृतक की पत्नी और उसकी संपत्ति को पाने की चाहत में की थी। पुलिस ने हत्यारोपी के पास से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा व एक खोखा कारतूस भी बरामद कर लिया है।
प्रेस कांफ्रेंस में एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि पीयूष हत्याकांड में मृतक के चाचा राजेश सक्सेना ने अतुल और इमरान व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना का खुलासा करने के लिए एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी और सीओ सिटी सुमित शुक्ला के निर्देशन में लगी पुलिस टीम ने सर्विलांस के आधार पर मृतक के चचेरे भाई अर्पित सक्सेना पुत्र स्व. रोहताश को बृहस्पतिवार सुबह 11:30 बजे बरेली मोड़ से गिरफ्तार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को पूछताछ में उसने बताया कि तहेरा भाई पीयूष सक्सेना अपनी पत्नी रश्मि को आए दिन पीटता रहता रहता था, इसलिए वह रश्मि से हमदर्दी दिखाकर उसे उससे प्यार करने लगा था और उसे पाना चाहता था लेकिन पीयूष के रहते यह संभव नहीं था। उसने पीयूष को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार कर लिया। रश्मि भाभी जब बरेली चली गई, तब सोमवार रात 7:30 बजे वह पीयूष के घर दूसरी मंजिल पर पहुंचा। उस समय पीयूष पूजा कर रहा था। उसने पीछे से तमंचे से गोली मार दी और भाग गया। उसने तमंचा कब्रिस्तान के पास झाड़ियों में फेंक दिया। उसकी भाभी के साथ पूरी संपत्ति पर भी नजर थी। पुलिस ने हत्यारोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
---------
मृतक की पत्नी से 21 बार मोबाइल से की थी बात
सीओ सिटी सुमित शुक्ला ने बताया कि घटना के समय पीयूष सक्सेना घर में अकेला था और फिर कोई ऐसी दुश्मनी भी नहीं जिससे उसकी कोई जान ले ले, ऐसे में उसकी हत्या की घटना का पर्दाफाश करना पुलिस के लिए चुनौती थी। मृतक के परिवार के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई गई तो उसमें सात मई को अर्पित के नंबर से 21 बार रश्मि से बात की गई, बस यहीं से पुलिस का शक गहरा गया और अर्पित को गिरफ्तार कर जब उससे कड़ाई से पूछताछ हुई तो उसने सारा राज उगल दिया।