शाहजहांपुर। स्कूली बच्चों को लेकर जाने वाली प्राइवेट वैन में शनिवार सुबह लगभग सात बजे बैटरी के पास स्पार्किंग के साथ चिंगारी निकलने लगी, इससे वैन में सवार बच्चों में हड़कंप मच गया। चालक भी घबरा गया और उसने आननफानन में बच्चों को वैन से उतार कर आग लगने से पहले चिंगारी को दबा दिया। बाद में दूसरी वैन से बच्चे भेजे गए। घटना के समय केवल छह बच्चे थे। गनीमत तो यह थी कि वैन
एआरटीओ के तमाम दिशा-निर्देशों के बाद भी स्कूली बच्चों को ढोने वाली वैन नियमों को दरकिनार कर चलाई जा रहीं हैं। शनिवार सुबह श्री शंकर मुमुक्षु विद्या पीठ की प्राइवेट वैन बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए उनके घर से ले रही थी। सुबह लगभग सात बजे वैन आर्य महिला डिग्री कॉलेज के पास गली में पहुंची, उस वक्त वैन में छह बच्चे सवार थे। यहां गली में पहुंचते ही वैन में बैटरी के पास स्पार्किंग होने के साथ ही तेज चिंगारी उठने लगी। यह देखकर बच्चे घबरा गए और चीखपुकार मच गई। चालक ने वैन का दरवाजा खोल कर बच्चों को जल्दी से बाहर निकाला और जैसे-तेसे आग पर काबू पाया। बच्चों को दूसरी वैन से स्कूल भेजा गया। स्कूल से घर लौटे बच्चों ने जब मामले की जानकारी अभिभावकों को दी तो उनकी सांसें अटक गई। बच्चों को सही सलामत देख राहत की सांस ली।