फेसबुक पर एटा की एक युवती की अश्लील फोटो बनाकर पोस्ट करने का मामला सामने आया है। युवती ने पिता संग पुलिस से सिरफिरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया।
बताया गया है कि शहर की एक पॉश कालोनी निवासी युवती दिल्ली में नौकरी करती है। आरोप है कि पड़ोस की कालोनी में रहने वाला एक युवक पिछले दो साल से उसे परेशान कर रहा है, लेकिन उसने कभी सामने आकर कोई बात नहीं की। इसके चलते युवती चुपचाप रही।
युवती को आशंका है कि अब उसी युवक ने किसी महिला के नग्न फोटो में उसका चेहरा लगा कर फेसबुक पर पोस्ट किया है। पीड़िता का कहना है कि जो फोटो उसका अश्लील पोस्ट में लगाया है, वो एटा में आयोजित एक कार्यक्रम का है, उस कार्यक्रम में सिरफिरा भी मौजूद था।
शुक्रवार शाम पिता के साथ थाने पहुंच कर युवती ने सिरफिरे और उसके एक साथी के खिलाफ लिखित में शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है। पीड़िता ने पुलिस से फेसबुक से वो पोस्ट हटवाने की मांग की है।