जैतीपुर (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर में खेत में भूसे का गूंगा लगाने के विरोध में शनिवार रात दो पक्षों में विवाद होने पर लाठी-डंडे और भाला चल गए। इसमें एक पक्ष की महिला समेत छह लोग और दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घायल हो गया। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मारपीट आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घायलों को उपचार के लिए भेज गया है।
गांव निवासी कुंडली देवी पत्नी जेबराम ने पुलिस को बताया कि गांव के ही मुनेश, दिनेश पुत्रगण चंद्रपाल, शोभाराम, धर्मेंद्र पुत्रगण मुलायम व चंद्रपाल पुत्र रतीराम उसके खेत में जबरन भूसे का गूंगा लगा रहे थे, तभी उसने गूंगा खेत में लगाने को मना किया। इस पर उन लोगों ने उसे धक्का देकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। यह देख उसके पति जेबराम आ गए और उन्होंने गालियां देने का विरोध किया, तो मुनेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडा व भाले से हमला बोल दिया। शोरशराबा सुनकर जेबराम के भाई वीरेंद्र अजयवीर व धीरेंद्र और पिता हेतराम बचाने पहुंचे तो सभी लोगों ने उन पर भी हमला कर घायल कर दिया। जिसमें छह लोग घायल हो गए, बीच-बचाव में जेबराम की बहन अगरबत्ती व उसकी एक वर्षीय बेटी मालती देवी भी चोटिल हो गई। दूसरे पक्ष के चंद्रपाल पुत्र रतिराम ने पुलिस को बताया कि उसका 26 वर्षीय पुत्र मुनेश घर के दरवाजे पर खड़ा था और बाहर से अपने भाई रमेश की शादी का सामान लेने जा रहा था, तभी गांव के हेतराम पुत्र गुलजारी व उसके बेटे जेबराम, वीरेंद्र अजयवीर, धीरेंद्र लाठी-डंडा लेकर आ गए और मुनेश के ऊपर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने 35 हजार रुपये छीन लिए। वहीं थानाध्यक्ष इंद्र सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से मारपीट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है।