खुटार पुलिस ने किया एसडीएम और सीओ को गुमराह
पुवायां। गोमती नदी से रेत खनन की खबर में मंगलवार को एसडीएम का पक्ष जाना गया तो एसडीएम रात में ही सीओ के साथ सिमरा वीरान पहुंचे। खुटार पुलिस दोनों अधिकारियों को दो घंटे तक नदी के किनारे इधर-उधर घुमाती रही लेकिन खनन प्वाइंट की ओर नहीं ले गई। पुलिसकमयों ने यह तक कह दिया कि नदी के किनारे बैलगाड़ी तक नहीं आ सकती है तो खनन कैसे हो सकता है।
गौरतलब है कि अमर उजाला में बुधवार को गोमती नदी से अवैध रेत खनन की खबर प्रकाशित की गई थी। इसके लिए एसडीएम सत्यप्रिय सिंह से पक्ष जाना गया तो उन्होंने अपनी बात रखने के साथ ही यह भी कहा था कि वह मौके पर जाकर जांच करेंगे। इसके बाद एसडीएम सीओ संदीप सिंह के साथ शाम को ही सिमरा वीरान पहुंच गए और खुटार पुलिस के साथ रात में गोमती नदी के किनारे पहुंचे।
पुलिस दोनों अधिकारियों को रात में दो घंटे तक इधर-उधर घुमाती रही, लेकिन खनन प्वाइंट पर नहीं ले गई। पुलिस ने दोनों अधिकारियों को आश्वस्त करने का प्रयास किया कि कहीं भी खनन नहीं हो रहा है। इसके बाद दोनों अधिकारी वापस लौट आए।
इसके बाद बुधवार को एसडीएम ने फिर से पूरे मामले और स्थान की जानकारी ली और खनन के फोटो, वीडियो पुलिस को भेजकर जानकारी करने और खनन हो रहा है तो कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इससे पुलिस में खलबली मच गई। बुधवार को कुछ स्थानों पर रेत के गड्ढे बराबर कराए जाने का प्रयास भी किया। एसडीएम की सक्रियता से खनन माफिया में खलबली मची हुई है। बुधवार को दूसरे दिन भी खनन का काम बंद रहा।
नदी की तीन धारों में दो हुई बंद
पुवायां। गोमती की सहायक नदी झुकना गांव महोलिया के पास गोमती में आकर मिलती है। कुछ समय पूर्व यहां पर नदियों की तीन धाराएं थीं। अवैध खनन के चलते दो धाराएं लुप्त हो गई हैं। अब केवल एक धार ही बह रही है। गांव सिमरा वीरान के राजकीय गोसदन की जमीन के पास गोमती नदी से अवैध खनन हो रहा है।
टीम बनाकर जांच कराई जाएगी। मैं खुद मौके पर गया था और फिर जाकर जांच करूंगा। अवैध खनन किसी भी हालत में नहीं होने दिया जाएगा।
सत्यप्रिय सिंह, एसडीएम पुवायां