राजू हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार
रिश्तेदारी में जाते समय नागरपाल तिराहे के पास पुलिस ने दबोचा
बाकी पांच आरोपियों की तलाश में पुलिस दे रही दबिशें
अमर उजाला ब्यूरो
सेहरामऊ दक्षिणी।
क्षेत्र के गांव नवादा निवासी खेमकरन के 20 वर्षीय बेटे राजू वर्मा की बुधवार रात गोली मारकर हत्या करने के मामले में नामजद आरोपी नंदकिशोर को शुक्रवार सुबह नागरपाल तिराहा के पास गिरफ्तार कर लिया। वह नागरपाल में रिश्तेदार के घर जा रहा था। बाकी पांच आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिशें दे रही है। पुलिस ने आरोपियों पर गिरफ्तारी का दबाव बनाने के लिए उनके घर से ट्रैक्टर व बाइक को भी कब्जे में ले लिया है।
राजू वर्मा की हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सीओ सदर के नेतृत्व में सेहरामऊ दक्षिणी व रोजा पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई थी। पुलिस की टीम ने आरोपियों की रिश्तेदारों को निशाने पर लेते हुए उनके घर पर दबिशें दीं लेकिन आरोपी नहीं मिले। शुक्रवार सुबह सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस टीम को नागरपाल तिराहे पास नामजद आरोपी नंदकिशोर मिल गया। पुलिस को उसके पास से तमंचा या अन्य कोई चीज नहीं मिली है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस को इस मामले में फरार राजेंद्र, रामाधार, शिवम्, महेश, मदन की तलाश है। ददऊ निवासी नामजद आरोपियों ने शुक्रवार रात नहर के पानी के विवाद में राजू वर्मा गोली मारकर हत्या कर दी थी।