सिंधौली (शाहजहांपुर)। थाना पुलिस ने गरगईया गांव स्थित एक मकान मेें छापामारी कर शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनसे भारी मात्रा में शराब के साथ ही शस्त्र और कारतूस भी बरामद किए हैं। वहीं अलग-अलग स्थानों पर भी छापामारी कर तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार कर इनसे भी 80 लीटर शराब बरामद की है।
एसएसआई रामनरेश यादव ने बताया कि सूचना पर शनिवार रात लगभग साढ़े दस बजे गांव गरगईया में राजेश उर्फ ननहू के मकान में छापामारी की तो राजेश अपने साथियों तेरा गांव निवासी अमित वर्मा, अतीक शराब बना रहे थे। पुलिस टीम ने तीनों को गिरफ्तार कर यहां से 140 लीटर शराब व शराब बनाने के उपकरण और एक 315 बोर की देशी राइफल, एक 315 बोर का तमंचा, एक 12 बोर का तमंचा व 315 बोर के 22 जिंदा और एक कारतूस, चार 12 बोर के कारतूस बरामद हुए। वहीं अलग-अलग स्थानों पर छापामारी कर गांव बहलोलपुर निवासी महेंद्र कुमार को बीस लीटर, कोटावारी निवासी महेश कुमार को चालीस लीटर, भरौरी निवासी राजू को 20 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों का आबकारी अधिनियम व आर्म्स एक्ट के तहत चालान किया गया है।