शाहजहांपुर/रोजा। रेल यात्रियों के लिए दो दिन सफर में परेशानी होगी। रविवार को अप और सोमवार को डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक की वजह से ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित होगी। कई ट्रेनों को देरी से और कई को रोक कर चलाया जाएगा। अप लाइन पर रविवार को पांच घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। वहीं डाउन लाइन पर सोमवार को चार घंटे का मेगा ब्लॉक रहेगा। इस संबंध में शनिवार को उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के डीआरएम तरुण प्रकाश का आदेश पहुंच गया है।
उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल में ट्रैक, ओएचई मेंटिनेंस के साथ स्लीपर बदलने का काम काफी समय से चल रहा है। अब तक काफी काम पूरे नहीं हो सके हैं। काम पूरे करने के लिए अप्रैल महीने में रेलवे ने अप-डाउन लाइन पर 22 बार मेगा ब्लॉक लिए थे। कई रेल पुलों के स्लीपर बदलने का काम अभी भी बाकी है। रविवार को अप लाइन पर रोजा से बरेली के बीच 11:15 से 4:15 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। अलग-अलग रेल सेक्शन में ब्लॉक रोजा से लक्सर तक लिया जाना है। सोमवार को डाउन लाइन पर पांच घंटे का मेगा ब्लॉक रहेगा। बरेली से शाहजहांपुर के बीच 1:10 से 5:10 बजे तक और शाहजहांपुर से आलमनगर के बीच 2:30 से 6:30 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। रविवार को अप लाइन पर मेगा ब्लॉक के दौरान 14235 बरेली-बनारस एक्सप्रेस और 55045-55046 शाहजहांपुर-सीतापुर पैसेंजर को रोजा से वापस कर दिया जाएगा।
रविवार को अप लाइन पर मेगा ब्लॉक
रोजा से बरेली 11:15 से 4:15 बजे तक।
बरेली से मुरादाबाद के बीच 11:30 से 4:30 बजे तक।
मुरादाबाद से लक्सर 1:15 से 6:15 बजे तक।
सोमवार को डाउन लाइन पर मेगा ब्लॉक
हापुड़ से मुरादाबाद 9:40 से 1:40 बजे तक।
मुरादाबाद से बरेली 12:10 से 4:10 बजे तक।
बरेली से शाहजहांपुर 1:10 से 4:10 बजे तक।
शाहजहांपुर से आलमनगर 2:30 से 6:30 बजे तक।
यह डाउन ट्रेन चलेंगी देरी से
डाउन लाइन पर ब्लॉक के दौरान 14258 काशी विश्वनाथ एक घंटा 20 मिनट, 14236 बरेली-बनारस एक्सप्रेस एक घंटा 30 मिनट, 12358 अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस एक घंटा 35 मिनट की देरी से चलाई जाएंगी।
यह ट्रेन प्रभावित होंगी
ब्लॉक के दौरान अप-डाउन लाइन की दो दर्जन से ज्यादा ट्रेन प्रभावित होंगी। इनमें डाउन 15910 गुवाहटी एक्सप्रेस, 12208 गरीब रथ एक्सप्रेस, 12358 सप्तक्रांति एक्सप्रेस, 14236 बरेली-प्रयाग एक्सप्रेस। इसी तरह अप लाइन में 13119 सियालदह-आनंद विहार एक्सप्रेस, 15211 जननायक एक्सप्रेस, 14369 त्रिवेणी एक्सप्रेस, 12369 उपासना एक्सप्रेस प्रभावित होंगी। बिगड़े हुए टाइम टेबल पर चल रहीं कुछ और रेलगाड़ियों को भी दोनों दिन ब्लॉक के दौरान रास्ते में रोक-रोक कर चलाया जाएगा।
रोजा से शाहजहांपुर के बीच लिया दो घंटे का मेगा ब्लॉक
रोजा। रेलवे ने शनिवार को भी ट्रैक मेंटिनेंस के लिए रोजा से शाहजहांपुर के बीच दो घंटे का ब्लॉक लिया। इस दौरान खन्नौत पुल पर स्लीपर बदलने के साथ दोनों रेल सेक्शन में कुछ अन्य स्थानों पर भी काम किया गया। शाम 4:40 से 6:40 बजे तक ब्लॉक के दौरान पंजाब मेल, राज्यरानी एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, डुप्लीकेट पंजाब मेल को रास्ते में रोकना पड़ा।
अप लाइन पर रविवार को पांच घंटे और डाउन लाइन पर सोमवार को चार घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। अप में रोजा से लक्सर तक और डाउन में हापुड़ से आलमनगर तक ब्लॉक लेकर मेंटिनेंस के काम पूरे किए जाएंगे। कुछ ट्रेनों को देरी से चलाया जाएगा। बरेली-बनारस एक्सप्रेस, सीतापुर पैसेंजर को रोजा से वापस किया जाएगा। यात्रियों को समस्या न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
- प्रभाष राघव, डिवीजनल ऑपरेटिंग मैनेजर- मुरादाबाद रेल मंडल