सिंधौली/शाहजहांपुर। सिंधौली वन रेंज के गांव खंडसार में शुक्रवार रात एक तेंदुए ने घर में घुसकर सो रही बुजुर्ग महिला को दबोच ले जाने की कोशिश की। महिला के चीखने पर पति जाग कर महिला को बचाने दौड़े तो तेंदुए ने उन पर भी हमला कर घायल कर दिया। चीख पुकार पर परिवार के अन्य लोग भी जाग गए। सभी ने लाठी-ठंडों से हमला कर महिला को तेंदुआ के चुंगल से छुड़ाया। घायल दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से गांव के लोग दहशत में है। ग्रामीण अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं।
सिंधौली वन रेंज के गांव खंडसार के 68 वर्षीय रामस्वरूप का घर कच्चा बना हुआ है। दीवारें भी ज्यादा बड़ी नहीं हैं। शुक्रवार रात रामस्वरूप उनकी पत्नी सूरजा देवी, बेटे रामऔतार और सत्यदेव घर में सो रहे थे। रात करीब एक बजे किसी तरह से घर में तेंदुआ घुस आया और वहां आंगन में सो रहीं सूरजा देवी को दबोच लिया। घसीट कर ले जाने लगा। सूरजा देवी चीखीं तो रामस्वरूप भी जा गए। छुड़ाने के लिए तेंदुए की ओर बढ़े तो तेंदुए ने उनपर भी हमला कर घायल कर दिया। बेटे रामऔतार, सत्यदेव और परिवार के सदस्यों के साथ किसी तरह तेंदुए के चंगुल से सुरजा देवी को मुक्त कराया। तेंदुए के हमले में दंपती गंभीर घायल हो गए। सूचना पर शनिवार सुबह फॉरेस्टगार्ड राम प्रकाश वर्मा ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। चुनाव ड्यूटी में होने की वजह से रेंजर संजीव तिवारी मौके पर नहीं पहुंच सके। गांव में तेंदुआ के हमले के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीण अपने बच्चों को घर से नहीं निकलने दे रहे हैं।
गांव और आसपास खेतों में पड़ताल की गई। कहीं पर भी तेंदुआ के पगचिह्न नहीं मिले हैं। फिलहाल जांच की जा रही है। संभवत: यह लकड़ बग्गा या सियार हो सकता है। सिंधौली वन रेंज में तेंदुआ नहीं पाए जाते हैं। जिस गांव में जानवर ने हमला किया वहां आस-पास जंगल भी नहीं है।
राज कुमार त्यागी, डीएफओ