रेप के बाद गर्भवती होने पर युवती की हत्या का आरोप
पिता ने दर्ज कराई साले और उसके दो पुत्रों सहित चार पर रिपोर्ट
सीओ के आदेश पर हुई कार्रवाई, काफी समय से लापता है युवती
अमर उजाला ब्यूरो
खुटार (शाहजहांपुर)।
सीओ के आदेश पर पुलिस ने एक व्यक्ति की तहरीर पर एक युवक पर फुफेरी बहन से बलात्कार करने और गर्भवती होने पर हत्या कर शव गायब कर देने रिपोर्ट दर्ज की है। हत्या, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी और सबूत मिटाने में युवक के भाई, पिता और साले को भी नामजद कराया गया है।
बरेली जनपद के नवाबगंज कस्बे के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी ससुराल खुटार स्थित एक मोहल्ला में है। लगभग तीन वर्ष पूर्व उसकी 20 वर्षीय पुत्री अपने मामा आर्येंद्र के घर रहने के लिए गई थी। लड़की के ममेरे भाई कौशल दीक्षित ने जान से मारने की धमकी देकर कई बार लड़की के साथ बलात्कार किया। गर्भवती हो जाने पर लड़की ने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। इस दौरान आरोपी ने दूसरी जगह शादी भी कर ली। लड़की ने परिवार के लोगों को जानकारी देकर कार्रवाई की चेतावनी दी तो आरोपी, आरोपी के भाई, आरोपी के साले और पिता ने एक राय होकर लड़की की हत्या कर दी और शव को गायब कर दिया।
लगभग दो माह पूर्व वह ससुराल पहुंचा और लड़की के नहीं मिलने पर जानकारी की तो साले और उसके परिवार के लोग पहले तो टालमटोल करते रहे, लेकिन पुत्री को सामने लाने की बात पर अड़ गया तो बताया कि लड़की को मारकर शव गायब कर दिया गया है, शिकायत करने पर उसे भी मार देने की धमकी दी गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत आईजी से की थी। मामले की जांच सीओ को सौंपी गई थी। सीओ के आदेश पर पुलिस ने रविवार रात आरोपी कौशल दीक्षित, युवक के बरेली के छोटी बिहार निवासी जुगनू, भाई कमल दीक्षित और पिता आर्येंद्र दीक्षित के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 302, 504, 506, 201 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।