रोजा (शाहजहांपुर)। होली पर रंग खेलने के बाद खन्नौत नदी में नहाने गए एक युवक की डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक को नदी से निकलवाया और जिला अस्पताल लेकर आई। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया हैँ।
रोजा के मोहल्ला नई बस्ती लोधीपुर निवासी 25 वर्षीय रवि कश्यप होली वाले दिन रंग खेलने के बाद खन्नौत नदी में नहाने गए थे। जैसे ही वह आगे बढ़े, तभी अचानक डूबने लगे। उन्हें डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। सूचना पर लोधीपुर चौकी प्रभारी पवन कुमार पांडेय मौके पर आ गए। उन्होंने गोताखोरों की मदद से उन्हें बाहर निकलवाया। पुलिस युवक को जिला अस्पताल लेकर आई। जहां डॉक्टर ने उन्हें म़ृत घोषित कर दिया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनकी मौत से पिता सुरेश कुमार का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।