दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग, हड़कंप
शाहजहांपुर। कोतवाली चौक इलाके के मोहल्ला खलील शर्की में दो पक्षों में मारपीट के बाद फायरिंग हो गई। घटना से मोहल्ले में हड़कंप मच गया। मामले में एक पक्ष ओर से निवर्तमान सभासद एवं उसके पुत्र समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
कोतवाली चौक इलाके के मोहल्ला खली शर्की निवासी मोहम्मद सहराज घर के बाहर ही किराने की दुकान संचालित करते हैं। उनका चार वर्षीय बेटा मोहम्मद गनी कुछ दिनों पहले मोहल्ले में ही पुलिया टूटी होने के चलते गिर गया था। जिस पर सहराज ने निवर्तमान सभासद असलम परवेज व उनके बेटे मोहम्मद फरहान से पुलिया निर्माण के लिए कहा। इसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया। आरोप है कि सोमवार की रात्रि करीब सात बजे मोहम्मद फरहान पिता निवर्तमान सभासद असलम परवेज समेत 6-7 लोगों को लेकर मोहम्मद सहराज की दुकान पर आ गया और मारपीट करने लगा। बचाने के लिए जब घरवाले दौड़े तो आरोपियों ने फायरिंग करना शुरू कर दी। सूचना पर पहुंचे बेरी चौकी प्रभारी संजय राजपूत को आरोपी नहीं मिले। चौकी प्रभारी संजय राजपूत ने बताया कि फायरिंग का मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
---------------