शाहजहांपुर। कोतवाली चौक में साउथ सिटी कॉलोनी के पास सरेशाम सराफा व्यापारी से हुई लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से लूट का शत-प्रतिशत माल भी बरामद हो गया है। बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। 12 घंटे के भीतर वर्क आउट करने वाली पुलिस टीम की एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने प्रशंसा की है।
कोतवाली चौक के मोहल्ला चौक में रहने वाले सराफा व्यापारी राजू रस्तोगी की कांट के गांव लालपुर में सराफा की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम को दुकान बंद करने के बाद वह साउट सिटी कॉलोनी गेट पर घर आने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने राजू रस्तोगी के हाथ से बैग लूट लिया। इसमें 20 हजार रुपये नकद और करीब दो लाख के सोने-चांदी के जेवर थे। विरोध करने पर राजू रस्तोगी को सिर में हॉकी मारकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे तीन बदमाशों में आसपास के लोगों ने एक बदमाश को दबोच लिया। बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सीओ सिटी महेंद्रपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी थी। इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा की टीम ने लूट में शामिल बदमाश विक्रम उर्फ करन पुत्र रामप्रसाद, संजीव पुत्र हेमराज निवासी महाऊ महेश थाना सिंधौली, चांद मोहम्मद उर्फ चंदू पुत्र साबिर निवासी हथौड़ा बुजुर्ग थाना रोजा को जिला अस्पताल की ओर जाने वाली नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों की निशानदेही पर लूट के शत प्रतिशत माल के साथ एक तमंचा 315 बोर और एक सुपर स्प्लेंडर बाइक भी बरामद हुई है। एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने 12 घंटे के अंदर लूट का वर्क आउट करने वाली पुलिस टीम की प्रशंसा की है।