जहरखुरान गिरोह के सदस्यों ने मीरानपुर कटरा के एक युवक को नशीला पदार्थ खिला दिया। बेहोश होने पर जहरखुरान उसके पास से एक लाख की नकदी, मोबाइल व कपड़ों से भरा बैग लूट ले गए।
मीरानपुर कटरा के मोहल्ला नादिरशाह निवासी 22 वर्षीय शारिक दिल्ली में कोट-पेंट का काम करता है। मंगलवार रात वह एक बजे रोडवेज बस से कटरा आने के लिए दिल्ली से चला था। उसकी अपने बहनोई फरीद अली निवासी आतिशबाजान कटरा से मोबाइल पर एक लाख रुपये लाने की भी बात हुई थी। रात में बस में सफर करने के दौरान शारिक को जहरखुरान गिरोह के सदस्य मिल गए। उन लोगों ने उसे किसी चीज में नशीला पदार्थ खिला दिया। बस वाला शारिक को तिलहर क्षेत्र में सरऊ पुलिया के पास बेहोशी की हालत में उतार गया। इधर, मीरानपुर कटरा का दानिश बुधवार सुबह बाइक से शहर जाने के लिए निकला तो उसकी नजर सड़क किनारे बेहोश पड़े शारिक पर पड़ी, तब उसने सूचना शारिक के बहनोई फरीद अली को दी। फरीद ने शारिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां देर शाम तक उसे होश नहीं आया था।