सिपाही से मारपीट के मामले में दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
आरोप: फोकट में बीयर मांगने पर सिपाही की ठुकाई
अमर उजाला ब्यूरो
निगोही। वर्दी का रौब दिखाकर शराब सेल्समैन से फोकट में बीयर मांगने के बाद सिपाही की पिटाई के मामले में पुलिस ने सेल्समैन समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सिपाही को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
निगोही थाने के सिपाही हरेंद्र शनिवार को क्षेत्र के गांव जिंदपुरा गया था। शराब सेल्समैन प्रदीप और कुछ लोगों ने सिपाही की पिटाई कर दी थी। मामले में प्रदीप और उसके चचेरे भाई राहुल के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। कहा गया है कि सिपाही सम्मन तामील कराने जिंदपुरा गया था। यहां शराब की दुकान के पास कुछ लोग ताश खेल रहे थे। सिपाही ने इन लोगों को डांटा और ताश के पत्ते छीन लिए। इस पर सिपाही की पिटाई कर दी गई। आरोपी राहुल को रविवार को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया। इधर, गांव के लोगों का कहना है कि सिपाही हरेंद्र के साथ एक और भी सिपाही था। हरेंद्र ने शराब की दुकान से बीयर की दो बोतल मांगी थीं। सेल्समैन के मना करने पर उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों में मारपीट हुई। एसओ वीरेंद्र प्रसाद का कहना है कि शराब मांगने की बात गलत है। एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।