मीरानपुर कटरा चुनाव आचार संहिता का पालन कराने के लिए रोड पर चेकिंग कर रहे उड़नदस्ते ने किराना व्यापारी से एक लाख सैंतीस हजार रुपये बरामद किए है। थाना क्षेत्र के जलालाबाद रोड खैरपुर चौराहे पर उड़नदस्ता प्रभारी डा. कृष्णवीर सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष शाहिद अली और उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह टीम के साथ मंगलवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान मदनापुर की ओर से आ रही एक कार की तलाशी ली। इसमेें एक लाख सैंतीस हजार रुपये बरामद हुए। टीम के जरूरी कागजात मांगने पर वह रुपये के प्रपत्र नहीं दिखा सके। पुलिस द्वारा पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम प्रदीप कुमार गुप्ता पुत्र राजाराम गुप्ता निवासी मैन मार्केट मदनापुर बताया है। व्यापारी प्रदीप ने पूछताछ में बताया कि वह किराने का थोक व्यापारी है और तिलहर के एक किराना व्यापारी के खाते मेें रुपये जमा करने तिलहर जा रहा था। पुलिस ने कार से बरामद रुपये को सीज कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को दी है।