शाहजहांपुुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला खिरनीबाग में 18 अगस्त को अंधाधुंध फायरिंग हुई थी, जिसमें गोली लगने से दो दोस्त घायल हुए थे। शनिवार को सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में घात लगाए खड़े युवकों ने चलती बाइक पर फायरिंग की थी। इसमें गोली लगने से बाइक पर पीछे बैठा युवक घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेेज दिया।
मोहल्ला खिरनीबाग निवासी कार्तिक का मोहल्ले के रहने वाले विकास शर्मा से पुराना विवाद चल रहा था। 18 अगस्त की रात खिरनी बाग मोहल्ले के ही कार्तिक और उसका दोस्त मेहुल यादव बाइक पर कालीबाड़ी मंदिर के पास से होकर गुजर रहे थे। तभी उन पर विकास और उनके साथियों ने फायरिंग कर दी थी। इसमें बाइक पर पीछे बैठा मेहुल घायल होकर चलती बाइक से गिर गया था। उसके बाद बाइक चला रहे युवक के साथ मारपीट भी गई। यह घटना वहीं पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसमें फायरिंग की पूरी वारदात साफ दिखाई दे रही है। शनिवार को घटना के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। पुलिस ने कार्तिक के भाई अभय की तहरीर के आधार पर विकास समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस ने आरोपी विकास और अनूप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।