तिलहर। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन वितरण के दौरान पहले राशन देने को लेकर उपभोक्ता और उसके साथियों से राशन बांट रहे युवक का विवाद हो गया। युवक से हाथापाई की गई। इस बीच कोटेदार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों पर राशन वितरण की मशीन तोड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
खनपुरा निवासी कोटेदार नाजीशा पत्नी फिरोज अली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की सुबह गांव सलेमाबाद पट्टी में दुकान पर राशन का वितरण हो रहा था। राशन लियाकत अली बांट रहा था। इस दौरान कार्डधारक खनपुरा निवासी मोहम्मद रफी, पचासा निवासी असलम और उसके दो-तीन साथी राशन लेने आ गए। आरोप है कि असलम और उसके साथियों ने पहले राशन देने के लिए लियाकत से कहा। लियाकत ने नंबर के मुताबिक राशन देने की बात कहने पर वह हमलावर हो गए। गालीगलौज के बाद मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने मशीन को तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस असलम को पकड़कर थाने ले आई। इस दौरान अन्य साथी भाग खड़े हुए। पुलिस ने असलम का शांतिभंग में चालान किया है।