मीरानपुर कटरा में लूट के शिकार हुए रामवीर। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
मीरानपुर कटरा। परचून की दुकान के सामान की खरीदारी करने जा रहे किराना व्यवसायी से बाइक सवार बदमाश 20 हजार रुपये छीनकर भाग गए। सरेआम व्यस्त कटरा चौराहे पर हुई घटना से पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां बता दें चौराहे पर हर समय पुलिस पिकेट तैनात रहती है।
मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव खड़सार निवासी रामवीर गांव में परचून की दुकान चलाते हैं। सोमवार को वह दुकान के लिए सामान की खरीदारी करने कटरा आए थे। वह चौराहे पर खड़े थे तभी एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पर आए। उन लोगों ने रामवीर से छुट्टा रुपये मांगे। रामवीर के अनुसार उन्होंने जैसे ही छुट्टे रुपये देने के लिए 20 हजार रुपये की गड्डी जेब से निकाली, एक युवक ने झपट्टा मारकर उसे छीन लिया। बाइक पहले से ही स्टार्ट की हुई थी। देखते-देखते युवक बाइक समेत नजरों से ओझल हो गए। रामवीर को थोड़ी देर तक समझ में ही नहीं आया कि क्या हुआ। फिर उसने शोर मचाया तो लोग इकट्ठा हो गए। जिस दिशा में बाइक सवार गए थे, पास में तैनात पुलिस वाले थोड़ी दूर तक देखने गए भी लेकिन कोई नहीं मिला।
रामवीर बदहवास हो गए। रामवीर ने बताया कि सामान की खरीदारी के लिए रुपये लेकर आए थे। पुलिस पिकेट के पास वारदात होने से बदमाशों के बुलंद हौसले का अंदाजा लगाया जा सकता है। रामवीर ने पुलिस को तहरीर दी है। सीओ परमानंद पांडेय ने बताया कि वारदात की जांच की जा रही है।