शाहजहांपुर। तारीन गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी मोहम्मद उवैस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी करना और आपत्तिजनक फोटो फेसबुक पर अपलोड करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
रिपोर्ट सईद खां फलाही की ओर से दर्ज कराई गई है। उन्होंने पुलिस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर शिकायत की थी कि मो. उवैस नाम के युवक ने फेसबुक पर प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ फोटो अपलोड की है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस की मीडिया सेल ने फेसबुक आईडी को ट्रेस किया और एसपी एस आनंद को सूचना दी। इसके बाद थाना सदर बाजार में एफआईआर दर्ज करा दी गई। उवैस ने फेसबुक आईडी को लॉक किया हुआ था, इसलिए उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पा रही थी। मीडिया सेल ने गहनता से जांच की तो फेसबुक यूजर आरसी मिशन थाना क्षेत्र के तारीन गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी मोहम्मद उवैस निकला। रविवार सुबह थाना सदर बाजार और सर्विलांस टीम ने आरोपी उवैस को जीआईसी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अभद्र टिप्पणी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने मोबाइल भी बरामद किया है।