शाहजहांपुर। मंगलवार रात जलालाबाद के गांव ककराला में दिव्यांग बुजुर्ग की हत्या के मामले में दो भाइयो समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
श्रीकृष्ण ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब नौ बजे वह अपने पिता नंदराम के साथ घर के बाहर बैठा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान वहां गांव के दारा सिंह, उसका भाई गया सिंह, पड़ोस के ही रहने वाले अपने साथी बुधपाल के साथ वहां पहुंचे। कुछ देर बाद इन लोगों ने वहीं पास में बैठकर शराब पीनी शुरू कर दी। श्रीकृष्ण व उसके पिता नंदराम ने उन लोगों को दरवाजे के सामने शराब पीने से मना किया तभी नाराज हुए वे लोग गाली गलौज करने लगे।
इस बात पर कहासुनी हो गई। इस दौरान हमलावर हुए उन तीनों ने मारपीट करते हुए उसे व उसके पिता को धक्का दे दिया। धक्का लगने से उसके पिता नंदराम मकान के पास से निकले नाले में गिर गए और उनकी मौत हो गई।
सीओ मस्सा सिंह ने बताया कि तहरीर के मुताबिक तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश करवाई जा रही है।