शाहजहांपुर। औषधि प्रशासन विभाग के निरीक्षकों की मंडलीय टीम ने शनिवार शाम को मोहल्ला महमंद जंगला में एक मोबाइल की दुकान पर छापा मारकर वहां से काफी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद कीं। पुलिस को साथ लेकर की गई कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद मिले मोबाइल शॉप संचालक को थाना सदर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। औषधि निरीक्षक देश बंधु विमल ने दुकान संचालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुछ लोगों ने बरेली स्थित खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) के सहायक आयुक्त संजय कुमार से शिकायत की थी कि शहर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला महमंद जंगला में मोहल्ले का ही शोएब अख्तर जैदी मोबाइल शॉप खोलकर उसकी आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री का धंधा कर रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त ने मंडल स्तर पर औषधि निरीक्षकों की एक टीम गठित कर उसे जांच के लिए शनिवार को यहां भेजा। टीम में शामिल बरेली के औषधि निरीक्षक विवेक कुमार व उर्मिला वर्मा, पीलीभीत की बबीता रानी ने स्थानीय औषधि निरीक्षक देश बंधु विमल को साथ लेकर देर शाम बताई गई मोबाइल शॉप पर छापा मारा। इस दौरान तलाशी लेने पर वहां से काफी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद होने पर पुलिस ने दुकान संचालक शोएब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी दुकान संचालक को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।