तिलहर (शाहजहांपुर)। नौकरी में अधिक पैसा मिलने के लालच में धर्मांतरण करने वाली युवती का छह दिन से परिवार से संपर्क नहीं हुआ है। प्रकरण में जानकारी जुटाने एसटीएफ सोमवार को तिलहर पहुंची और कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाकर लौट गई। उधर, युवती के पिता ने मंगलवार को थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक से मुलाकात की और युवती से संपर्क न होने की जानकारी दी। इधर, युवती ने दिल्ली में एक सक्षम अधिकारी से यूपी पुलिस, धार्मिक संगठनों और मीडिया से बचाने की गुहार लगाई है।
क्षेत्र के एक गांव की 29 वर्षीय युवती दिल्ली में अंतररष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टिकट विंडो पर नौकरी करती है। उसके पिता रिटायर्ड फौजी हैं और वह रेलवे में नौकरी करते हैं। उसके तीन पुत्रियां हैं, सबसे बड़ी बेटी दिल्ली में हवाई अड्डे पर नौकरी करती है। 19 मई को मुरादाबाद के रहने वाले एक हिन्दू लड़के से उसका विवाह हो गया। लड़का पुणे (महाराष्ट्र) में एक कंपनी में मैनेजर है। परिजन ने बताया कि लॉकडाउन के रहते लड़का अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ गांव में बरात लेकर आया था और यहीं से विवाह के बाद युवती को लेकर पुणे चला गया था।
बताते हैं कि पुणे से युवती दिल्ली चली गई। नौकरी के दौरान ही युवती ने दुबई में मुस्लिम महिलाओं को नौकरी में अधिक पैसा मिलने की जानकारी मिलने के बाद लालच में आकर दिल्ली में ही 27 मई को इस्लाम धर्म ग्रहण कर लिया। बाद में युवती तिलहर अपने घर आई और सारी बात बताते हुए दुबई जाने की अनुमति मांगी लेकिन परिजन ने इनकार कर दिया। युवती दिल्ली चली गई। परिजन के मुताबिक युवती को दिल्ली गए छह दिन बीत गए हैं, लेकिन अब तक उससे संपर्क नहीं हो सका है।
इधर, देश में कई अन्य स्थानों पर धर्म परिवर्तन की घटनाएं होने और इस कार्य में शामिल कुछ लोगों के पकड़े जाने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर एसटीएफ ऐसे मामलों की जांच में जुटी हुई है। इसी संबंध में एसटीएफ की टीम सोमवार को इस मामले में भी जांच को यहां आई थी और कई बिंदुओं पर जांच करने के बाद लौट गई। पुलिस के एक उच्चाधिकारी ने भी एसटीएफ के यहां आने और जांच करने की पुष्टि की।
उधर, युवती का पिता मंगलवार को थाने पहुंचा और प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान से मिला। पिता ने उन्हें बताया कि छह दिन से लड़की से संपर्क नहीं हो पाने के कारण वह बहुत परेशान हैं।
-
इस संबंध में जानकारी नहीं है। अगर कोई शिकायत आती है तो मामले में कार्रवाई की जाएगी।
-परमानंद पांडेय, सीओ तिलहर