शाहजहांपुर। कलक्ट्रेट में बीते दिन टायलेट गई महिला संविदा कर्मचारी का अश्लील वीडियो बनाते पकड़े गए संविदा कर्मचारी को डीएम इंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से बुधवार को कार्यमुक्त कर दिया गया। इस बीच, महिला कर्मचारी ने अपनी ओर से कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। इसे देखते थाना सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने उसे हिदायत देकर छोड़ दिया।
मंगलवार को दोपहर कलक्ट्रेट के योग वेलनेस सेंटर में कार्यरत महिला संविदा कर्मचारी परिसर में बने टायलेट गई थी। उसे उधर जाते देख कोविड कंट्रोल रूम का संविदा कर्मचारी भी उसके पीछे टायलेट पहुंचकर उसकी वीडियो क्लिप बनाने लगा। उसकी इस हरकत को देख महिला कर्मचारी ने शोर मचाया तो वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने वीडियो क्लिप बना रहे कर्मचारी को उसके स्मार्ट फोन समेत धर दबोचा। कर्मचारी उसे पकड़कर डीएम के पास ले गए तो उन्होंने सारा माजरा समझने के बाद उसे जमकर फटकार लगाई और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना सदर बाजार पुलिस ने उसे हवालात में डाल दिया, लेकिन इस मामले में शाम तक पुलिस को महिला की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली। प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल ने बताया कि डीएम के निर्देश पर आरोपी युवक को हिरासत में लिए जाने के बाद महिला कर्मचारी को आगे की कार्रवाई के लिए थाने बुलाया गया, लेकिन वहां दोनों पक्षों में बात होने के बाद महिला कर्मचारी ने कहा कि उसे वीडियो बनाने को कुछ गलतफहमी हो गई थी और वह इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती।
एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि अश्लील वीडियो बनाने का आरोपी मूलत: तिलहर नगरपालिका परिषद का आउटसोर्सिंग कर्मचारी है। उन्होंने बताया कि उसे डीएम के निर्देश पर कोविड कंट्रोल रूम से कार्यमुक्त कर दिया गया है और अब उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई तिलहर नगरपालिका परिषद के स्तर से होगी।