शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को नगरिया मोड़ के पास पेड़ पर फंदे से लटके मिले युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। युवक सीतापुर का रहने वाला था। छोटे भाई के साथ मजदूरी करने निकला था। अब तक छोटे भाई का कुछ पता नहीं चल सका है। फिलहाल सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
सीतापुर जिले के लहरपुर थाना क्षेत्र के गांव टांढाकला निवासी पुतान का बेटा संदीप (20) अपने छोटे भाई गजराज (18) के साथ 15 मई को मजदूरी करने की बात कहकर बिसवां गया था। उसके बाद से दोनों वापस घर नहीं पहुंचे। परिजन ने संदीप के मोबाइल पर कॉल की लेकिन बात नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे संदीप के बड़े भाई सुमित ने बताया कि रविवार की शाम अचानक पुलिस का फोन आया और खबर मिली कि संदीप ने नगरिया मोड़ के पास पेड़ से फंदे से लटककर जान दे दी है। सुमित के मुताबिक उसका छोटा भाई भी साथ में था। उसका अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। संदीप की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। परिवार में भी कोई विवाद नहीं हुआ। आत्महत्या क्यों की, इस पर सुमित को कोई जानकारी नहीं है। संदीप के परिवार में भाई पंकज (11), सुमित (23) बहन सावित्री (15) और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। तिलहर के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। परिजन के अनुसार संदीप मजदूरी करने निकला था। मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जाएगी। जांच की जा रही है। लापता युवक को भी तलाशा जा रहा है। संवाद