मिर्जापुर (शाहजहांपुर)। मिर्जापुर क्षेत्र के भुरजिया गांव में वोट मांगने के दौरान जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी पर कुछ ग्रामीणों ने लाठी-डंडे और धारदार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची इससे पहले आरोपी भाग गए। घायल प्रत्याशी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिर्जापुर प्रथम वार्ड से रवीश पाल कुशवाह भाजपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ रहे हैं। परिजनों ने बताया कि शनिवार को रवीश पाल के पास भुरजिया गांव के कुछ लोगों फोन किया। उन्होंने वोट मांगने के लिए अपने गांव आने का दबाव बनाया। इस पर रवीश पाल अपने पांच समर्थकों के साथ भुरजिया गांव जा पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने रवीश के भुरजिया गांव में प्रवेश करते ही वहां पहले से खड़े गांव के कुछ युवकों ने वोट मांगने का विरोध किया। इसको लेकर कहासुनी होने लगी। इसी बीच रवीश पाल और उनके समर्थकों पर ग्रामीणों ने लाठी डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया और बेरहमी से पीटने लगे। हमलावरों ने मारपीट के दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। शोर सुनकर गांव के अन्य लोग जमा हुई इससे पहले आरोपी मौके से फरार हो गए।
हमले की सूचना मिलने पर समर्थक भुरजिया गांव पहुंचे तो घायल हालत में रवीश जमीन पर पड़े थे। उन्हें उठाकर फौरन मिर्जापुर थाने ले जाया गया। पुलिस ने घायल रवीश को मिर्जापुर सीएचसी भेज दिया। हालत गंभीर होने पर वहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी मान बहादुर सिंह ने बताया कि प्रत्याशी नवीश के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अभी तक घायल के परिजन की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।