पुवायां (शाहजहांपुर)। चोरों ने मंगलवार रात एक गांव के तीन घरों को अपना निशाना बनाया। चोर 65 हजार नकदी सहित लाखों का माल उड़ा ले गए। बुधवार को पीड़ितों के सूचना देने पर पुलिस ने मौका मुआयना किया, लेकिन देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पुवायां इलाके के गांव जसवंतापुर निवासी सिरदार के घर की दीवार में चोरों ने दो जगह नकब लगाया। नकब के रास्ते कमरे में घुसे चोर 30 हजार रुपये नकद, सोने के कुंडल, मांग बेंदा, गुलशन पट्टी, करधनी, नथनी, झुलनिया, और तीन अंगूठी ले गए। बुधवार सुबह खाली बक्सा गांव के बाहर खेत पर पड़ा मिला। वहीं के मुंशीलाल के घर में घुसे चोर 25 हजार रुपये, सोने का मांग टीका, चेन, पायल और कीमती कपड़े ले गए। मुंशीलाल के पुत्र सचिन की दो मई को शादी होने वाली है। चोर शादी के लिए खरीदा गया सारा सामान ले गए हैं।
इसके अलावाजसवंतापुर के ही रमेश कुमार के घर में भी चोरों ने नकब लगाया। उनके घर से चोर 10 हजार रुपये, चांदी की कमर बिछुआ, पायल, मांगबेंदा, झुलनिया, कांसे, फूल के बर्तन, कीमती कपड़े ले गए।
बुधवार सुबह तीन घरों से चोरी का पता लगने पर गांव में खलबली मच गई। तलाश करने पर चोरी किए गए बक्से आदि गांव के बाहर खेत में पड़े मिले। बक्सों में रखा कीमती सामान गायब मिला। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और जांच की। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।