खुटार। सुसराल में एक महिला संदिग्ध हालत में जल गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गांव रजमना निवासी उत्तम त्रिवेदी की शादी छह माह पहले जनपद लखीमपुर के कस्बा पलिया निवासी 22 वर्षीय लक्ष्मी देवी के साथ हुई थी। सोमवार को लक्ष्मी देवी रसोई में काम कर रही थी। परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर कामकाज में व्यस्त थे। इस बीच अचानक लक्ष्मी देवी आग की लपटों में घिरी हुई चीखती-चिल्लाती बाहर की ओर भागी। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग अंदर पहुंचे और लक्ष्मी देवी को आग की लपटों में घिरा देख आग बुझाने का प्रयास किया। बमुश्किल आग बुझाई गई, लेकिन तब तक लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से जल चुकी थी। आग बुझाने में लक्ष्मी के पति उत्तम के भी हाथ झुलस गए।
परिवार के लोगों की सूचना पर 108 सेवा की एंबुलेंस गांव पहुंची। इसके बाद घरवालों ने लक्ष्मी देवी को खुटार सीएचसी पर भर्ती कराया। डॉक्टर ने लक्ष्मी की हालत गंभीर बताते हुए उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उत्तम का सीएचसी पर ही इलाज चल रहा है। सीएचसी प्रभारी डॉ. तरुण कुमार ने बताया कि लक्ष्मी देवी 60 प्रतिशत के करीब झुलसी है। उनको शाहजहांपुर मेडिकल कालेज के बर्न विभाग के लिए रेफर किया गया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लक्ष्मी देवी के पति उत्तम ने बताया कि खाना बनाते समय गैस लीक हो जाने से लक्ष्मी देवी जल गई हैं। परिवार के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी है।