शाहजहांपुर। जलालाबाद के दियूरा स्थित शिव मंदिर पर जल चढ़ाने गई महिला के गले से सोने की जंजीर तोड़ ली गई। पीड़िता का आरोप है कि उसने जंजीर तोड़ने वाली महिला को देख लिया।
मोहल्ला गांधीनगर निवासी धूमवती ने पुलिस को बताया कि गांव दियूरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर शनिवार शाम वह अपने परिजनों के साथ जल चढ़ाने गई थी। जब वह शिवलिंग पर जल चढ़ाने को झुकी तभी उसके गले से सोने की जंजीर तोड़ कर निकाल ली गई। आभास होते ही उसने पीछे मुड़कर देखा, तो वहां मौजूद एक महिला पर उसे शक हुआ। उसने महिला को पकड़ने की कोशिश, लेकिन तब तक वह महिला वहां से चली गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी महिला बरेली की रहने वाली है और दियूरा गांव में उसकी रिश्तेदारी है। पीड़िता का आरोप है कि पूरी जानकारी देने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है।